बस्ती के बभनान में गुरुवार सुबह गोरखपुर से गोंडा जा रही कोयला लदी एक मालगाड़ी का इंजन खराब हो गया। इंजन का प्रेशर उतरने से मालगाड़ी रेलवे गेट संख्या 222 ए के पास मेन लाइन पर ही रुक गई। इससे रेल और सड़क दोनों जगह आवाजाही पर असर पड़ा। गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत सुपरफास्ट समेत कई ट्रेनें जहां रुक गईं, वहीं रेलवे फाटक बंद होने से बभनान-गौरा चौकी मार्ग पर लंबा जाम लग गया। यह दिक्कत गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे आई। रेलवे कर्मचारियों ने इंजन को ठीक कर मालगाड़ी को आगे बढ़ाने की कोशिश की। करीब 48 मिनट की कोशिश के बाद सुबह 7:18 बजे इंजन में प्रेशर बना और मालगाड़ी आगे बढ़ सकी। फाटक 48 मिनट तक बंद रहने से सड़क पर भी ट्रैफिक रुक गया। गेट खुलने के बाद वाहनों का आना-जाना शुरू हुआ, लेकिन तब तक दोनों तरफ लंबा जाम लग चुका था। मालगाड़ी की इस खराबी का असर कई ट्रेनों के चलने पर भी पड़ा। गाड़ी संख्या 15045 सुबह 6:30 से 7:20 बजे तक होम सिग्नल पर खड़ी रही। गाड़ी संख्या 11124 सुबह 6:38 बजे से ऑटोमेटिक सिग्नल पर रुकी रही। यह ट्रेन सुबह 7:30 बजे बभनान स्टेशन पहुंची और 7:32 बजे रवाना हुई। इसके अलावा, गाड़ी संख्या 22549 गौर स्टेशन पर सुबह 7:15 से 7:25 बजे तक खड़ी रही। इससे यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में देरी हुई।







































