BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश पंचर दुकानों की आड़ में नेपाल से आ रहे खराब:सोनौली-नौतनवा सीमा पर...

पंचर दुकानों की आड़ में नेपाल से आ रहे खराब:सोनौली-नौतनवा सीमा पर डंपिंग सेंटर बनीं दुकानें, फिर बस्ती-कानपुर भेजे जा रहे

0
7

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में पंचर बनाने के नाम पर खुली कई दुकानें अब सवालों के घेरे में हैं। आरोप है कि ये दुकानें सिर्फ दिखावे के लिए चल रही हैं और नेपाल से आने वाले खराब टायर-ट्यूब को जमा करने के लिए डंपिंग सेंटर के तौर पर इस्तेमाल हो रही हैं। इन खराब टायर-ट्यूब को बाद में डीसीएम जैसे मालवाहक वाहनों से बस्ती और कानपुर भेजा जा रहा है। सोनौली कस्बे में ही ऐसी दर्जनों दुकानें होने की बात कही जा रही है। एसएसबी रोड, काली मंदिर और कुंसेरवा बाईपास क्षेत्र में करीब आधा दर्जन ठिकाने बताए जा रहे हैं। भगवानपुर, पेडारी, सेखुआनी, बरगदवा, ठूठीबारी और नौतनवा कस्बे से लेकर बाईपास तक कई जगहों पर इसी तरह की दुकानें खुली हैं। इन दुकानों पर दिनभर सामान्य पंचर का काम होता दिखता है, लेकिन पीछे खराब टायर-ट्यूब का बड़ा स्टॉक जमा होने की बात कही जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नेपाल के तराई क्षेत्र में भी इस कारोबार से जुड़े ठिकाने चल रहे हैं। वहां से कैरियर के जरिए खराब टायर-ट्यूब सीमा क्षेत्र तक पहुंचाए जाते हैं। आरोप है कि सोनौली सीमा से भारत में आने वाले खाली मालवाहक वाहनों में 10 से 20 खराब टायर-ट्यूब लादकर सोनौली और नौतनवा की दुकानों पर उतार दिए जाते हैं। पर्याप्त मात्रा में माल इकट्ठा होने के बाद डीसीएम के जरिए इन्हें दूसरे जिलों में भेजा जाता है। सीमा क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में खराब सामग्री के लगातार आने और जमा होने से यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इसका परिवहन किस प्रक्रिया के तहत हो रहा है। कस्टम अधीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर नियमानुसार जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सीमा से आने वाले माल की जांच होगी और कस्टम नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।