
नानपारा में करीब 25 साल से अवैध रूप से संचालित हो रही थोक सब्जी मंडी को अब मंडी समिति परिसर में शिफ्ट कर दिया गया है। मंगलवार से मंडी का संचालन यहीं से होगा। मंडी के शिफ्ट होने से मिहिपुरवा रोड, जिसे स्थानीय स्तर पर ‘आउट डोर’ भी कहा जाता है, के अतिक्रमण मुक्त होने का रास्ता साफ हो गया है। अवैध सब्जी मंडी को हटाने की कार्रवाई एसडीएम प्रकाश सिंह की सख्ती के बाद पूरी हुई। एसडीएम पिछले एक महीने से मंडी को निर्धारित परिसर में शिफ्ट कराने की प्रक्रिया में जुटे थे। उन्होंने सब्जी आढ़तियों को शिफ्टिंग के लिए अंतिम समय सीमा भी दी थी। मिहिपुरवा रोड पर अब नहीं लगेगी मंडी एसडीएम ने मंडी सचिव सचिन कुमार को निर्देश दिया है कि मिहिपुरवा रोड पर अब अवैध रूप से सब्जी मंडी न लगने पाए। यदि कोई व्यक्ति इसमें बाधा डालता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मंडी शिफ्ट होने से करीब डेढ़ दर्जन दुकानदारों को भी राहत मिली है। इन दुकानदारों को करीब 25 साल पहले मंडी परिसर में दुकानें आवंटित की गई थीं। वे नियमित रूप से दुकान का किराया भी दे रहे थे, लेकिन बाहर अवैध मंडी संचालित होने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। किसानों को उपज का सही दाम मिलने की उम्मीद सब्जी किसानों ने मंडी समिति परिसर में कारोबार शुरू होने का स्वागत किया है। किसानों का कहना है कि निर्धारित मंडी परिसर में आढ़तियों के बीच प्रतिस्पर्धा होने से उनकी फसल का मनमाना दाम लगाए जाने की समस्या कम होगी। उन्हें अपनी उपज की बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद है। आठ नए दुकानदारों को भी जगह मिलेगी मंडी सचिव के नेतृत्व में करीब आठ अतिरिक्त दुकानदारों को मंडी समिति परिसर में खाली जगह आवंटित की जा रही है। परिसर में पहले से मौजूद फल आढ़तियों ने भी प्रशासन के फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अब खरीदार एक ही जगह सब्जी के साथ फल भी खरीद सकेंगे, जिससे कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। प्रशासन के मुताबिक, अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत लंबे समय से चली आ रही इस व्यवस्था को निर्धारित स्थान पर लाया गया है। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के संज्ञान और निगरानी में कार्रवाई पूरी होने की बात कही गई है।


















































