
बहराइच में प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद इकाई बहराइच की ओर से नवागढ़ी स्थित रविंद्र नाथ टैगोर स्कूल के पास एडवोकेट सम्राट राकेश पटेल के आवास पर लेनिन बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा की शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट अर्जुन पटेल ने की। उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और सामाजिक व राजनीतिक संघर्ष को याद किया। सामाजिक न्याय की लड़ाई के प्रतीक थे जगदेव प्रसाद प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार मौर्य ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद सामाजिक न्याय और बराबरी की लड़ाई के मजबूत प्रतीक थे। उन्होंने शोषित, वंचित और पिछड़े समाज के अधिकारों के लिए जीवन समर्पित किया। जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार मौर्य ने कहा कि उनके विचारों को आत्मसात करने के साथ शिक्षा, संगठन और जागरूकता को मजबूत करने की जरूरत है। युवाओं से विचारों को जीवन में उतारने का आह्वान दिलीप कुमार मौर्य ने कहा कि सामाजिक असमानता और भेदभाव खत्म करने के लिए सभी वर्गों को लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। युवाओं से महापुरुषों के विचारों को केवल जयंती या शहादत दिवस तक सीमित न रखने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में डॉ. पवन मौर्य, राम अवध सिंह कुशवाहा, अभय प्रकाश नारायण मौर्य, ओमकार निषाद, शिव कुमार मौर्य, धर्मेंद्र चौधरी, नरेंद्र प्रसाद मौर्य, सर्वेश मौर्य, संत कुमार मौर्य, घनश्याम वर्मा, राम धीरज गौतम, मिश्री लाल, मदन लाल वर्मा, ओम प्रकाश पटेल, आरआर मुखर्जी, दिवाकर मौर्य और प्रदीप कुमार मौर्य समेत कई लोग मौजूद रहे।






































