BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश पचासा गांव में आदमखोर तेंदुआ पिंजरे में कैद:एक हफ्ते में दो मासूमों...

पचासा गांव में आदमखोर तेंदुआ पिंजरे में कैद:एक हफ्ते में दो मासूमों पर किया था हमला, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

0
2


कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज के मटेही ग्राम पंचायत के पचासा गांव में आतंक मचाने वाले तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया है। पिछले कई दिनों से यह तेंदुआ ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बना हुआ था। तेंदुए के पकड़े जाने से गांव वालों ने राहत की सांस ली है। इस तेंदुए ने एक हफ्ते में दो मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। करीब पांच दिन पहले एक बच्चे पर हमला किया था। वहीं, बीती रात इसने 10 साल के कन्हैया नाम के एक और बच्चे को घायल कर दिया था। शुक्रवार रात को तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। सुबह इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्राम प्रधान अनिल के साथ ग्रामीण जगप्रीत, सूरज, प्रमोद, सुनील और राम सिंह ने बताया कि तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में बहुत डर था। बच्चे अकेले घर से बाहर जाने और रात में खेतों की ओर जाने से डरते थे। पिंजरे में तेंदुआ कैद होने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर संतोष जताया है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में एक से ज्यादा तेंदुए हो सकते हैं। उनका मानना है कि आसपास के क्षेत्रों में लगातार तेंदुओं की गतिविधियां देखी जा रही हैं और भविष्य में किसी और तेंदुए के हमले की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। वन दरोगा जयकार शाही और वनरक्षक अब्दुल सलाम ने बताया कि तेंदुए को पकड़ लिया गया है। उसे रेंज कार्यालय ले जाया जा रहा है, जहां उसका मेडिकल परीक्षण होगा। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश और तय प्रोटोकॉल के अनुसार तेंदुए के बारे में आगे की कार्रवाई की जाएगी।