बृजमनगंज विकास खंड परिसर के सभागार में शुक्रवार दोपहर सामाजिक अधिकारिता शिविर लगाया गया। यह शिविर भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से आयोजित हुआ। इसमें दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त सहायक उपकरण देने के लिए जांच की गई। शिविर में इलाके के बड़ी संख्या में दिव्यांग और 60 साल से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिक पहुंचे। उन्होंने यहां अपना रजिस्ट्रेशन कराया। शिविर में डॉ. बृजेश शुक्ला (PO), डॉ. सूरज कुमार (ऑडियोलॉजिस्ट), प्रिंस सिंह (डाटा ऑपरेटर) और जिला समाज कल्याण विभाग से रुदल पटेल उपस्थित थे। टीम ने आए हुए सभी लोगों की बारी-बारी से जांच की। इसके बाद पात्रता के आधार पर उन्हें उपकरणों के लिए चुना गया। एलिम्को द्वारा लगाए गए इस शिविर में कई सहायक उपकरण मुफ्त दिए जाएंगे। इनमें ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, बैसाखी, हियरिंग एड, वॉकर और कृत्रिम अंग शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी 12 ब्लॉकों में 1 सितंबर से 16 सितंबर 2026 तक रोस्टर के हिसाब से शिविर लगाए जा रहे हैं। बृजमनगंज का शिविर 11 सितंबर को आयोजित किया गया।
पात्रता के लिए वरिष्ठ नागरिकों को आधार कार्ड, 15,000 रुपये मासिक से कम का आय प्रमाण पत्र और पासपोर्ट फोटो देना होगा। वहीं, दिव्यांगों के लिए 40 से अधिक का UDID कार्ड, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र और फोटो जरूरी है।








































