BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश बहराइच में किसान परिषद ने रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन:अंडरपास की जगह...

बहराइच में किसान परिषद ने रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन:अंडरपास की जगह समपार फाटक, बाबागंज में इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव की मांग

0
3


भारतीय किसान परिषद की बहराइच इकाई ने रविवार को नेपालगंज रोड स्टेशन पर स्टेशन मास्टर को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन केंद्रीय रेल मंत्री को भेजा गया है। इसमें भारत-नेपाल सीमा पर नेपालगंज रेलवे स्टेशन से नानपारा जंक्शन के बीच बन रहे अंडरपास की जगह समपार फाटक बनाने की मांग की गई है। परिषद के प्रदेश संयोजक संजीव श्रीवास्तव और जिला संयोजक एस पी सिंह ने बताया कि अंडरपास से रूपईडीहा, बहराइच, नानपारा, मिहींपुरवा और बलहा क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को काफी परेशानी होती है। बारिश के दिनों में अंडरपास में पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। इसलिए, लोगों की सुविधा के लिए समपार फाटक बनाया जाना चाहिए। इसके साथ ही, परिषद ने बाबागंज रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की भी मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि बाबागंज स्टेशन पर इंटरसिटी के न रुकने से हजारों यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अगर ट्रेन यहां रुकती है, तो क्षेत्र के लोगों को लखनऊ, गोंडा और बहराइच जाने में आसानी होगी। ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, महामंत्री मुन्ना यादव और उपाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि यह मांग लंबे समय से पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही इन मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो किसान संगठन आंदोलन करने पर मजबूर होगा।