BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ग्राउंड रिपोर्ट जंतर-मंतर 2.0: सेंट्रल दिल्ली में बढ़ी प्रदर्शनकारियों की भीड़

जंतर-मंतर 2.0: सेंट्रल दिल्ली में बढ़ी प्रदर्शनकारियों की भीड़

0
11

नई दिल्ली: दिल्ली स्थित जंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने के सभी रास्ते सुरक्षाबलों की मौजूदगी और भारी बैरिकेडिंग के माध्यम से बंद कर दिए गए हैं. प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने वाले सभी रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे विपक्षी दलों के सांसदों, नेताओं और अन्य लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई और हिरासत के बावजूद लोगों की भीड़ लगातार बाद रही है.

जंतर-मंतर की ओर जाने से पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद सेंट्रल दिल्ली और कनॉट प्लेस इलाके में प्रदर्शनकारियों की भीड़ बढ़ती जा रही है. पुलिस ने कनॉट प्लेस इलाके से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस से भरकर उन्हें वहां से हटाया. 

संबंधित खबरें

वहीं, भाकपा (माले) ने आरोप लगाया है कि जंतर-मंतर से नेहा बोरा, योगेंद्र यादव, निखिल डे समेत कई अन्य प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पीटा और हिरासत में लिया. पार्टी ने दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया.

भाकपा (माले) ने कहा, ‘डीसीपी सचिन शर्मा खुद जंतर-मंतर पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट कर रहे हैं.’ पार्टी ने एक अन्य बयान में कहा, ‘शर्मनाक है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. नेहा, योगेंद्र यादव, निखिल डे और कई अन्य लोगों को जंतर-मंतर से पीटा गया और हिरासत में लिया गया. डीसीपी सचिन शर्मा खुद प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट कर रहे थे और महिलाओं के साथ बदसलूकी कर रहे थे.’

वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को संसद जाने से रोका गया था. हालांकि, बाद में उन्होंने ‘वोट चोरी’ के विरोध में संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना दिया. संजय सिंह ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘मैं वोट चोरी के खिलाफ संसद परिसर में बापू की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठा हूं. तानाशाही का अंत होगा, मोदी-ज्ञानेश को जाना होगा.’

दिल्ली पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी को भी हिरासत में लिया है. राष्ट्रीय जनता दल सांसद मनोज झा को भी हिरासत में ले लिया गया. पीटीआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल के पास करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिए गए लोगों में आम आदमी पार्टी के नेता और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के कार्यकर्ता भी शामिल हैं. हालांकि इस संख्या में काफ़ी इज़ाफ़े होने की संभावना है. 

इस बीच, लोग अलग-अलग रास्तों से जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भारी सुरक्षा और बैरिकेडिंग के कारण प्रदर्शन स्थल तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है. नई दिल्ली के 12 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं, साथ ही क्षेत्र में इंटरनेट सुविधा भी रोक दी गई है. इसके साथ जिले में करीब 4000 से अधिक सुरक्षाबलों की तैनादी की गई है.