बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक के पोखरा बाजार स्थित पेट्रोल पंप चौराहे पर गुरुवार को घंटों जाम लगा रहा। भारी वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से यह स्थिति बनी, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। बताया जा रहा है कि पोखरा से गोटवा मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण में लगे भारी वाहन चौराहे पर आकर खड़े हो जाते हैं। जाम के समय एक तरफ ट्रक खड़ा था, वहीं दूसरी तरफ एक ट्रैक्टर फंस गया, जिससे पूरा रास्ता बंद हो गया। स्थानीय निवासी मनोज सिंह ने कहा कि इन भारी वाहनों को किसी खाली जगह पर खड़ा किया जाना चाहिए, नहीं तो भविष्य में कभी बड़ा हादसा हो सकता है। रंगलाल प्रजापति ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर भारी वाहनों को व्यस्त सड़क पर क्यों खड़ा किया जा रहा है? क्या किसी हादसे का इंतजार किया जा रहा है? स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य में लगे वाहनों की पार्किंग के लिए सही व्यवस्था की जाए। इससे आम लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा मिल सके और कोई हादसा न हो।







































