BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश बहराइच में तेंदुए के आतंक से ग्रामीण परेशान:आनंदनगर में लगाया गया पिंजड़ा,...

बहराइच में तेंदुए के आतंक से ग्रामीण परेशान:आनंदनगर में लगाया गया पिंजड़ा, ईदगाह पुरवा में गधे को भी बनाया शिकार

0
1


बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में तेंदुए की हलचल से ग्रामीणों में डर है। आनंदनगर गांव में 9 साल के राजवीर की तेंदुए के हमले में मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजड़ा लगाया है। रात में बिजली कटौती के कारण ग्रामीण बिजली विभाग से भी नाराज हैं। वहीं, घटना वाली जगह से कुछ दूरी पर जंगल से लगे ईदगाह पुरवा इलाके में तेंदुए के हमले की एक और घटना सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए ने एक गधे पर हमला किया, जिससे उसकी जान चली गई। इस घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय ग्रामीण जब्बार, जहूर, वहाब, मटरू, कुश्मेश और कल्लू समेत कई अन्य लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार तेंदुए दिख रहे हैं। इससे ग्रामीण अपने पालतू जानवरों को लेकर परेशान हैं और शाम होते ही घरों से बाहर निकलने में भी डरते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, रात में लाइट जाते ही तेंदुआ हमलावर हो जाता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में लगातार निगरानी बढ़ाने, तेंदुए की हलचल पर नजर रखने और आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर तेंदुआ इसी तरह आबादी के आसपास सक्रिय रहा, तो इंसानों के साथ-साथ पालतू जानवरों के लिए भी खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल, वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजड़े के बाद ग्रामीणों को तेंदुए के पकड़े जाने की उम्मीद है।