
विशेश्वरगंज ग्रामीण इलाके में रात के समय होने वाली बिजली कटौती ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। तय 18 घंटे की बिजली सप्लाई के बावजूद रात में बिजली गुल रहने से लोग नाराज हैं। विशेश्वरगंज बिजली उपकेंद्र से बुधवार शाम 5 बजे से गुरुवार शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 6 घंटे 5 मिनट तक बिजली ठप रही। ग्रामीणों को बिजली सप्लाई के कुल समय से दिक्कत नहीं है, बल्कि रात में कटौती होने से परेशानी है। रात में बिजली जाते ही गांवों में अंधेरा छा जाता है। बरसात के मौसम में अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों और गलत काम करने वालों की गतिविधियां बढ़ने का डर है। ग्रामीणों की मांग है कि रात की कटौती के बजाय दिन में बिजली काटी जाए। इससे रात में घरों और गांव की गलियों में रोशनी बनी रहेगी। राम बरन, सुभम, संजय, दिलीप समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने बिजली विभाग से रात की कटौती बंद कर दिन में करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली कटौती से ज्यादा चिंता इस बात की है कि पूरी रात गांव अंधेरे में डूबे रहते हैं। जेई आकाश श्रीवास्तव ने बताया कि एसडीओ ने रात की कटौती को ठीक कराने के लिए बड़े अधिकारियों को पत्र लिखा है। उन्होंने जल्द ही इस समस्या का हल होने की बात कही है।







































