श्रावस्ती के जमुनहा तहसील क्षेत्र में बुखार के बढ़ते मामलों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बहोरवा गांव के नौशहरा मजरे में मंगलवार संदिग्ध बुखार से 70 साल के छोटे लाल पासवान की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। मंगलवार दोपहर उनकी हालत बिगड़ने पर मल्हीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट आए। ग्रामीणों का कहना है कि नौशहरा में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत दर्जनों लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के गांव में नहीं पहुंचने की बात कही है। हालांकि, सीएचसी अधीक्षक डॉ. सोनकर ने बताया कि गांव में बुखार से पीड़ित लोगों की सूचना मिली है, आज स्वास्थ्य टीम भेजकर जांच और इलाज कराया जाएगा। साथ ही जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे पहले, शिकारी चौड़ा के छेदीपुरवा में भी हफ्ते भर पूर्व बुखार के कई मामले सामने आए। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में कई दर्जन लोग बुखार से पीड़ित थे। करीब पांच दिन पहले इलाज के दौरान छह साल की एक बच्ची की मौत हो गई थी।वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार और मंगलवार को गांव में कैंप लगाया। टीम ने ग्रामीणों की जांच की और दवाएं बांटी। साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने और बीमारी से बचाव के लिए जागरूक भी किया गया। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बरसात के मौसम में पानी से होने वाली बीमारियों के साथ वायरल संक्रमण के मामले बढ़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजी गई हैं। छेदीपुरवा में सीएचसी की टीम ने भी कैंप लगाकर लोगों को दवाएं बांटी हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों को साफ-सफाई और सावधानी बरतने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
📰 श्रावस्ती की आज की प्रमुख सुर्खियां — 9 सितंबर 2026
📰 श्रावस्ती की आज की प्रमुख सुर्खियां — 9 सितंबर 20261. इकौना-सैमगढ़ा में बाईपास जलमग्न — भारी बारिश के बाद गोविंदपुर अस्थायी बाईपास का...






































