
कैसरगंज में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने बुधवार को नगर पंचायत कैसरगंज कार्यालय के सभागार में सभी कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन और आपात स्थिति में बचाव व राहत कार्यों का प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण का मकसद कर्मचारियों को आपदा के समय तेजी से और असरदार तरीके से बचाव व राहत कार्य करने के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ टीम प्रमुख दीपक मंडल ने कर्मचारियों को आपदा के समय तुरंत फैसला लेने, अपनी सुरक्षा पक्की करने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाने के अलग-अलग तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने बाढ़, भूकंप, आग लगने, बिल्डिंग गिरने जैसी दूसरी आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और शुरुआती बचाव के तरीकों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय शुरुआती कुछ मिनट बहुत अहम होते हैं। प्रशिक्षित व्यक्ति न केवल खुद को सुरक्षित रख सकता है, बल्कि संकट में फंसे लोगों की जान बचाने में भी अहम भूमिका निभा सकता है। एनडीआरएफ के रेस्क्यूअर्स ने कर्मचारियों को प्रैक्टिकल ट्रेनिंग देकर आपदा के दौरान राहत व बचाव कार्यों को सही और असरदार तरीके से करने की जानकारी दी। कर्मचारियों को आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से लोगों को निकालने और शुरुआती स्तर पर राहत पहुंचाने के तरीके भी बताए गए। प्रशिक्षण देने वाली एनडीआरएफ टीम में दीपक मंडल, जितेंद्र कुमार, सौरभ कुमार झा, शालिनी अग्रवाल, धनमति देवी, रजनीश देव सिंह और बिजेंद्र सिंह शामिल थे।






































