
बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा दौलतपुर के चमारन पुरवा में शुक्रवार सुबह एक तेंदुआ आबादी के बीच घुस आया। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 4:30 बजे ग्रामीणों ने तेंदुए को गांव के आसपास देखा। इसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी और सतर्क रहने की अपील की। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां देखी जा रही हैं। आबादी में तेंदुआ पहुंचने से ग्रामीण अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि सुबह और शाम के समय तेंदुआ गांव के आसपास दिख सकता है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत पिंजरा लगाने और आबादी वाले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग की है। उनका कहना है कि तेंदुए की लगातार निगरानी से उसकी गतिविधियों का पता चलेगा और समय पर कार्रवाई हो सकेगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते तेंदुए को पकड़ने के लिए कदम नहीं उठाए गए और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी। इस मामले की जानकारी वन्यजीव रक्षक दीपक कुमार चौहान को दी गई। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि तेंदुआ आबादी के अंदर घुस आया है और लोग डरे हुए हैं। इस पर वन्यजीव रक्षक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। फिलहाल तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और गांव में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।







































