जमुनहा ब्लॉक के नासिरगंज महादेवा गांव की मुख्य सड़क इन दिनों तालाब जैसी बन गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनमें बारिश का पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों को बाजार जाने और बच्चों को स्कूल जाने में काफी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। पानी भरने के कारण रोज लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। किसान अजय कुमार मिश्रा ने बताया, “यह एकमात्र रास्ता है जो हमें जमुनहा बाजार से जोड़ता है। गड्ढों में पानी भरने से पता ही नहीं चलता कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। खाद-बीज लाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली भी नहीं निकल पा रही है।” गृहिणी रेहाना बेगम ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा, “बच्चों को स्कूल भेजने में बहुत डर लगता है। सुबह कीचड़ में फिसल जाते हैं, कपड़े खराब हो जाते हैं। कई बार तो बच्चे वापस लौट आते हैं। बीमार होने का डर भी बना रहता है।” दुकानदार शिवपूजन यादव ने बताया, “ग्राहक बाजार तक नहीं आ पा रहे हैं। सड़क खराब होने से मेरा व्यापार आधा हो गया है। प्रशासन से कई बार कहा गया, लेकिन सिर्फ भरोसा मिलता है।” ग्रामीणों ने श्रावस्ती के जिलाधिकारी से मांग की है कि नासिरगंज महादेवा मार्ग को जल्द से जल्द गड्ढों से मुक्त किया जाए और पानी निकलने का इंतजाम किया जाए।
श्री श्याम प्रभु और दादी राणी सती मंदिर में भीड़:नानपारा में...
बहराइच जिले नानपारा के श्री श्याम प्रभु और दादी राणी सती मंदिर में भादों मेले के मौके पर गुरुवार रात भजन संध्या हुई। इसमें...







































