BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश ओवरलोड ट्रकों से सड़क टूटने पर ग्रामीणों का विरोध:बस्ती के कप्तानगंज में...

ओवरलोड ट्रकों से सड़क टूटने पर ग्रामीणों का विरोध:बस्ती के कप्तानगंज में नैकापार के पास रोके वाहन; विभाग से ओवरलोडिंग रोकने की मांग

0
3

बस्ती के कप्तानगंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत नैकापार के पास सड़क की खराब हालत से नाराज ग्रामीणों ने गिट्टी से लदे ओवरलोड ट्रक और टेलरों को रोक दिया। ग्रामीणों ने वाहनों को रोककर अपना विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि पोखरा से गोटवा तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। निर्माण कार्य के लिए गिट्टी लेकर लगातार भारी और ओवरलोड वाहन इस मार्ग से गुजर रहे हैं, जिससे सड़क जगह-जगह टूट रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, भारी वाहनों के दबाव के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह धंस गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह ओवरलोड वाहनों का संचालन जारी रहा तो सड़क की हालत और खराब हो जाएगी और आम लोगों के लिए आना-जाना मुश्किल हो जाएगा। ग्रामीणों ने सड़क पर ओवरलोड ट्रकों को रोककर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि मंटू सिंह, अरविंद सिंह, शिव सहाय, सूरज, गोविंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। विरोध के दौरान ग्रामीणों ने ट्रक चालकों से साफ कहा कि आगे से इस सड़क पर ओवरलोड वाहन नहीं ले जाए जाएं। चालकों की ओर से भी आगे से ओवरलोड ट्रक नहीं ले जाने की बात कहने के बाद ग्रामीणों ने वाहनों को जाने दिया। हालांकि, भारी वाहनों के रुकने से सड़क पर लंबा जाम लग गया था। जाम और लोगों की परेशानी को देखते हुए ग्रामीणों ने अपना विरोध खत्म कर वाहनों को आगे जाने दिया। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य में लगे वाहनों के भार की निगरानी हो और ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई जाए, ताकि निर्माणाधीन सड़क बनने से पहले ही पूरी तरह खराब न हो जाए। इस समस्या को लेकर दैनिक भास्कर ने पहले भी खबर प्रकाशित की थी, जिसमें पोखरा चिलमा मार्ग की खराब हालत और ओवरलोड वाहनों से सड़क टूटने का मुद्दा उठाया गया था।