BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में सड़क पर जलभराव और गड्ढों से ग्रामीण परेशान:महादेव के रांडी...

श्रावस्ती में सड़क पर जलभराव और गड्ढों से ग्रामीण परेशान:महादेव के रांडी मजरे में मुख्य मार्ग की हालत खराब, स्कूली बच्चों को दिक्कत

0
5

श्रावस्ती के जमुनहा विकास खंड की ग्राम पंचायत महादेव के मजरा रांडी में मुख्य संपर्क मार्ग की हालत बहुत खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और हल्की बारिश में ही घुटने भर पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि महीनों से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। जलभराव के कारण लोग आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं और दोपहिया वाहन खराब हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें कीचड़ और पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है। स्थानीय निवासी रामकुमार वर्मा (42 वर्ष) ने बताया कि उन्हें रोज सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने जाना पड़ता है। सड़क पर इतना पानी और कीचड़ होता है कि साइकिल निकल नहीं पाती। कई बार बच्चे स्कूल के कपड़े गंदे होने से वापस घर आ जाते हैं। उन्होंने प्रधान और ब्लॉक में कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आंगनबाड़ी के पास रहने वाली सुनीता देवी ने बताया कि पानी भरने से मच्छर बहुत बढ़ गए हैं, जिससे छोटे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। महिलाओं को बाजार या अस्पताल जाने में भी बहुत दिक्कत होती है। साड़ी पहनकर इस कीचड़ में चलना बहुत मुश्किल है। कक्षा 10 के छात्र मो. इरफान ने बताया कि उनका स्कूल 1 किलोमीटर दूर है और यही एक रास्ता है। गड्ढे में पानी भरा होने से पता ही नहीं चलता कि गड्ढा कितना गहरा है। उन्होंने बताया कि पिछले हफ्ते उनका दोस्त साइकिल समेत गिर गया था और उसे चोट लग गई थी। इरफान ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क बनवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी श्रावस्ती और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से छुटकारा मिल सके।