
बहराइच में किसान पीजी कॉलेज, राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत पोषण सप्ताह मनाया गया। गृह विज्ञान विभाग ने किशोरियों में एनीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें संतुलित व पौष्टिक आहार का महत्व समझाने के लिए यह कार्यक्रम किया। गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. तस्नीम फातिमा जैदी के संयोजन में छात्राओं को कई पोषक खाद्य पदार्थ अपने नियमित आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। इनमें हरी पत्तेदार साग-सब्जियां, खजूर, गुड़, अंकुरित चना, अंकुरित गेहूं, अंकुरित दाल, सलाद, चुकंदर, गाजर, हरी धनिया और हरी मिर्च शामिल हैं। सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गीता सिंह ने मुख्य वक्ता के तौर पर छात्राओं को सही खान-पान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किशोरियों के लिए यह जानना जरूरी है कि किस समय और किस तरह का आहार शरीर के लिए फायदेमंद होता है। डॉ. सिंह ने कहा कि स्वस्थ किशोरियां ही आगे चलकर स्वस्थ परिवार और समाज की मजबूत नींव बनती हैं। इस दौरान स्लोगन, निबंध, रेसिपी और आयरन रिच फूड प्रतियोगिताएं भी हुईं। निर्णायक मंडल में डॉ. गजाला खातून, डॉ. अर्चना निगम, श्रीमती सविता वर्मा और डॉ. श्रद्धा मल्ल शामिल थीं। प्रतियोगिताओं में पहले, दूसरे, तीसरे और सांत्वना स्थान पर रहने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र दिए गए। डॉ. मेजर एसपी सिंह ने छात्राओं से अपने स्वास्थ्य का खास ध्यान रखने को कहा। प्राचार्य डॉ. विनय सक्सेना ने बताया कि संतुलित खान-पान आज के समय की जरूरत है। कार्यक्रम में भूगोल विभाग के डॉ. राजकुमार सिंह, जीव विज्ञान विभाग के डॉ. विनीत कुमार, हिंदी विभाग के डॉ. नीरज पांडेय और खेल एवं क्रीड़ा विभाग के श्री पंकज सिंह सहित कई शिक्षक और छात्राएं मौजूद थीं।







































