श्रावस्ती जनपद के हरिहरपुर रानी विकासखंड की ग्राम पंचायत खर्च में गांव का मुख्य रास्ता लंबे समय से खराब है। खड़ंजा मार्ग जगह-जगह टूटकर गड्ढों में बदल गया है। बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है और पूरे रास्ते पर कीचड़ फैल जाती है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं। ग्रामीण महंथ ने बताया कि यह गांव का मुख्य रास्ता है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से आते-जाते हैं। मुकेश कुमार ने बताया कि हल्की बारिश होते ही रास्ते में जगह-जगह पानी भर जाता है। गड्ढों में पानी जमा होने के कारण उनकी गहराई का पता नहीं चलता, जिससे वाहन चालकों को दुर्घटना का डर बना रहता है। राजेश कुमार ने बताया कि बारिश के बाद कीचड़ होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इंदरजीत ने कहा कि रास्ते की खराब हालत का असर आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। बाबू राम यादव ने बताया कि गांव के 500 से ज्यादा लोग रोजाना इसी मुख्य रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। प्रवेश मौर्य और बच्चा राम ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से रास्ते की मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी रास्ते की मरम्मत नहीं कराई गई तो गांव के लोग चुनाव में वोट नहीं डालेंगे। महंथ, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, प्रवेश मौर्य समेत अन्य ग्रामीणों ने स्थानीय नेताओं और संबंधित अधिकारियों से जल्द रास्ते की मरम्मत कराने तथा जलभराव और कीचड़ की समस्या दूर कराने की मांग की है।
कजरी तीज पर्व के लिए पीस कमेटी की बैठक:जमुनहा पुलिस चौकी...
श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में कजरी तीज पर्व को लेकर एक पीस कमेटी की बैठक हुई। यह बैठक पुलिस चौकी जमुनहा पर...








































