नौतनवा के बटईडीहा गांव में शनिवार को घर से 46 बोरी खाद जब्त की गई है। एसडीएम को सूचना मिली थी कि गांव निवासी मोहम्मद फारुख के घर में बड़ी मात्रा में खाद छिपाकर रखी गई है। आशंका जताई गई कि खाद को तस्करी के लिए जमा किया गया था। सूचना के बाद एसडीएम कुणाल और सीओ बसंत सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम में तहसीलदार कर्ण सिंह, नायब तहसीलदार सुदेव पटेल के साथ पुलिस और कृषि विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। अधिकारियों ने घर की तलाशी ली, जहां 46 बोरी खाद मिली। प्रशासन ने खाद को जब्त कर लिया है। एसडीएम कुणाल ने बताया कि बरामद खाद को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।








































