BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश नहर में डूब रही महिला को छात्रों ने बचाया:महराजगंज में जान बचाने...

नहर में डूब रही महिला को छात्रों ने बचाया:महराजगंज में जान बचाने के लिए दोनों युवक को एसपी करेंगे सम्मानित

0
2

महराजगंज में एक महिला के नहर में कूदने की सूचना पर पुलिस पहुंचती, उससे पहले ही दो छात्रों ने अपनी जान जोखिम में डालकर तेज बहाव में छलांग लगा दी। दोनों ने डूब रही महिला को किसी तरह नहर से बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली। कक्षा 10 के इन दोनों छात्रों को अब पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी सार्वजनिक रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। यह घटना निचलौल थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे नहर में महिला के कूदने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। इसी दौरान वहां मौजूद मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन की नजर महिला पर पड़ी। महिला को तेज बहाव में डूबता देख दोनों ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी। दोनों छात्रों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की जांच में महिला की पहचान सकीना अंसारी (करीब 30 वर्ष) निवासी जेहदा, थाना कोठीभार के रूप में हुई। महिला का ससुराल निचलौल थाना क्षेत्र के छितौना गांव में है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के कारण महिला ने नहर में छलांग लगाई थी। महिला के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद पुलिस ने उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। महिला के पूरी तरह स्वस्थ होने पर उसके परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को अपने साथ घर ले गए। महिला की जान बचाने वाले कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना कोठीभार और सद्दाम हुसैन निवासी कोहडवल, थाना निचलौल की पुलिस प्रशासन ने सराहना की है। दोनों छात्रों ने ऐसे समय में मदद के लिए कदम बढ़ाया, जब तेज बहाव के कारण नहर में उतरना जोखिम भरा था। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों छात्रों को सार्वजनिक रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का निर्णय लिया है। एसपी का कहना है कि दोनों छात्रों ने मुश्किल समय में जिस हिम्मत और इंसानियत का परिचय दिया, वह सराहनीय है। उनके सम्मान से अन्य युवाओं और आम नागरिकों को भी जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।