नगर बाजार में नगर फीडर से जुड़े उपभोक्ता लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। शुक्रवार रात भी बिजली सप्लाई बंद रहने से लोगों को पूरी रात परेशानी हुई। उमस और गर्मी के कारण पंखे-कूलर बंद रहे, जिससे मुश्किलें और बढ़ गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नगर फीडर में बिजली कटौती रोज की बात हो गई है। हर एक-दो घंटे में बिजली काट दी जाती है। कई बार दो से तीन घंटे तक सप्लाई ठप रहती है। इससे घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिर्फ बिजली कटौती ही नहीं, बल्कि लो-वोल्टेज की समस्या भी बनी रहती है। बिजली आने पर भी पंखे और कूलर ठीक से नहीं चलते। इससे बिजली के उपकरणों को नुकसान पहुंचने का डर रहता है। बार-बार बिजली कटने से पानी की व्यवस्था और रोजमर्रा के दूसरे काम भी रुक जाते हैं। रात में बिजली बंद होने से बुजुर्गों, बच्चों और बाकी लोगों को खास दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से नगर फीडर की सप्लाई व्यवस्था की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने बार-बार होने वाली बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने को कहा है। लोगों का कहना है कि सिर्फ शिकायत के बाद बिजली चालू करने के बजाय, समस्या की जड़ तक पहुंचकर सुधार करना जरूरी है।








































