श्रावस्ती के इकौना तहसील क्षेत्र में सेमगढ़ा नया पुरवा गांव से बलुआ लालपुरी जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और पानी भर जाता है। हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर कई महीनों तक पानी जमा रहता है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है। पानी भरने और गड्ढों के कारण अक्सर लोग फिसलकर गिर जाते हैं और उन्हें चोट लग जाती है। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। सड़क पर पानी भरा होने से उन्हें उसी के बीच से होकर आना-जाना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े और किताबें भी खराब हो जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या एक-दो साल की नहीं, बल्कि कई सालों से है। लोगों ने अधिकारियों से मांग की है कि सड़क पर पानी निकलने की सही व्यवस्था की जाए। साथ ही, जहां जरूरत हो वहां पुलिया बनाई जाए और सड़क को ऊंचा करके पक्का समाधान किया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।








































